बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार इलाके में क्रिकेट खेल रहे कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर पाकिस्तान समर्थित नारे लगाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, युवक अपने एक साथी कासिफ का नाम लेकर “पाकिस्तान जिंदाबाद” जैसे नारे लगाते नजर आए। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के साथ हाथापाई की स्थिति भी बन गई।

वायरल वीडियो में कुछ युवक बाइक पर सवार होकर नारेबाजी करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मामले की शिकायत पर कैंट थाने के इंस्पेक्टर संजय धीर मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई, जिसमें आरोपों से जुड़ा वीडियो सामने आया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विकास नामक युवक की तहरीर पर 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।