हरिद्वार। डायल 112 पर फोन कर हरिद्वार में बम धमाके की झूठी धमकी देने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत निवासी पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी लगातार पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर हरकी पैड़ी सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों को चार दिनों के भीतर बम से उड़ाने की धमकी दे रहा था। इसके साथ ही उसने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और कई वीआईपी लोगों के नाम लेकर गाली-गलौज भी की।
कॉल से मचा हड़कंप
17 मई की रात डायल 112 पर आए इस कॉल के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल हरकी पैड़ी और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मोबाइल ट्रेस कर आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच की जिम्मेदारी नगर कोतवाली के एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने कॉल करने वाले मोबाइल नंबर का पता लगाया और आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से दबोच लिया। उसके पास से वही मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिससे धमकी दी गई थी।
पूछताछ में नशे में हरकत की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह हरकत शराब के नशे में की थी। अधिकारियों के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।