सीबीएसई कक्षा 12वीं के पुनर्मूल्यांकन और उत्तरपुस्तिका सत्यापन प्रक्रिया के दौरान कुछ छात्रों को पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल पर “Roll Number Not Found” का संदेश दिखने से भ्रम की स्थिति बन गई। इस मुद्दे पर अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने स्पष्टीकरण जारी किया है।

“Roll Number Not Found” क्यों दिख रहा है?

सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि यह कोई तकनीकी खराबी नहीं है। बोर्ड के अनुसार यह संदेश केवल उन्हीं छात्रों को दिखाई दे रहा है जिन्होंने पोस्ट-रिजल्ट प्रक्रिया के पहले चरण में अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन नहीं किया था।

बोर्ड ने बताया कि पुनर्मूल्यांकन और उत्तरों के सत्यापन की प्रक्रिया केवल उन्हीं छात्रों के लिए उपलब्ध है, जिन्होंने पहले चरण में आवेदन किया था। इसलिए जो छात्र इस चरण में शामिल नहीं हुए, उनके लिए पोर्टल पर यह संदेश दिख सकता है।

आवेदन प्रक्रिया की समयसीमा

सीबीएसई के अनुसार कक्षा 12वीं के लिए पोस्ट-रिजल्ट सेवाओं की आवेदन प्रक्रिया 2 जून से 7 जून 2026 तक चली थी। इस दौरान पोर्टल सुचारू रूप से कार्य करता रहा और किसी तरह की तकनीकी समस्या नहीं आई।

बोर्ड ने बताया कि पूरी प्रक्रिया आईआईटी विशेषज्ञों और तकनीकी एजेंसियों की निगरानी में संपन्न हुई। साथ ही साइबर सुरक्षा टीमों ने भी पोर्टल पर लगातार नजर रखी।

1.6 लाख से अधिक छात्रों ने किया आवेदन

सीबीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, इस प्रक्रिया में 1.6 लाख से अधिक छात्रों ने आवेदन किया, जबकि 3.8 लाख से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए अनुरोध किए गए।

सहायता के लिए हेल्पडेस्क सक्रिय

बोर्ड ने बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान छात्रों की मदद के लिए हेल्पडेस्क और शिकायत निवारण प्रणाली लगातार सक्रिय रही। तकनीकी या आवेदन संबंधी समस्याओं का तुरंत समाधान किया गया।

बोर्ड की अपील

सीबीएसई ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी से बचें। बोर्ड का कहना है कि पोस्ट-रिजल्ट प्रक्रिया को पारदर्शी और छात्र-केंद्रित बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं।