देहरादून। राजधानी में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के बाहर उस समय सनसनी फैल गई, जब जिम से बाहर निकल रहे एक युवक को सिर में गोली मार दी गई। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब शहर हाल की कई संगीन वारदातों से पहले ही सहमा हुआ है। 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर एक कारोबारी, अर्जुन शर्मा, की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अज्ञात हमलावरों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।

इससे पहले 2 फरवरी को दूल्हा बाजार में हुए गुंजन हत्याकांड ने शहर को झकझोर दिया था। सुबह के समय एक युवक ने चापड़ से हमला कर गुंजन की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर मामले में विशेष जांच टीम गठित की और शीघ्र चार्जशीट दाखिल की थी।

इसके अलावा, ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या और विकासनगर में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की धारदार हथियार से हत्या जैसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। मनीषा का शव जनवरी के अंत में ढालीपुर स्थित शक्ति नहर के पास झाड़ियों में मिला था।

लगातार हो रही इन घटनाओं से शहरवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में जांच जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।