नरेंद्रनगर। क्षेत्र में भालू के हमले की एक घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को श्रीदेव सुमन राजकीय उप जिला चिकित्सालय, नरेंद्रनगर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे आगरा खाल चौकी क्षेत्र के चलड गांव स्थित कद्दू खाल निवासी विजेंद्र (25) पुत्र प्रेम सिंह बकरियों को लेकर आगरा खाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान जंगल के पास अचानक दो भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक ने साहस दिखाते हुए एक भालू को पकड़कर दूर धकेल दिया, लेकिन तभी दूसरे भालू ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके गले, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के समय युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और उसके साथी मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर भालू जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद घायल को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलने पर तहसीलदार नरेंद्रनगर अयोध्या प्रसाद उनियाल, वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी और प्रभागीय वन अधिकारी नरेंद्रनगर दिगांथ नायक मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने और ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।