माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और परोपकारी बिल गेट्स ने दिवंगत फाइनेंसर और यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ अपने पुराने संबंधों को लेकर खुलकर सफाई दी है। उन्होंने गेट्स फाउंडेशन के एक टाउन हॉल कार्यक्रम में कर्मचारियों से कहा कि एपस्टीन से मिलने का उनका निर्णय “बहुत बड़ी गलती” थी।
टाउन हॉल में माफी मांगते हुए गेट्स ने स्वीकार किया कि एपस्टीन के साथ समय बिताना और फाउंडेशन के कुछ अधिकारियों को उन बैठकों में शामिल करना गलत था। उन्होंने कहा, “मैं उन सभी से माफी मांगता हूं जिन्हें मैंने अपनी गलती में शामिल किया।”
जस्टिस डिपार्टमेंट के दस्तावेज़ों में खुलासा
अमेरिका के न्याय विभाग के दस्तावेज़ों से यह सामने आया कि एपस्टीन की सजा पूरी होने के बाद भी गेट्स और एपस्टीन कई बार मिले। इन मुलाकातों में फाउंडेशन की परोपकारी पहलों और परियोजनाओं पर चर्चा हुई। गेट्स ने यह भी स्वीकार किया कि उनके दो रूसी महिलाओं के साथ संबंध थे, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मामलों का एपस्टीन की पीड़ितों से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने जोर देकर कहा, “मैंने कभी कोई अवैध काम नहीं किया और न ही किसी अवैध गतिविधि को देखा।”
फोटो विवाद पर सफाई
डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस के दस्तावेजों में कुछ तस्वीरें भी शामिल थीं, जिनमें गेट्स महिलाओं के साथ नजर आए। उन्होंने बताया कि ये तस्वीरें एपस्टीन की सहायक महिलाओं के साथ मीटिंग के दौरान ली गई थीं और कभी भी एपस्टीन की पीड़ितों के साथ समय नहीं बिताया गया।
फाउंडेशन का आधिकारिक रुख
गेट्स फाउंडेशन के प्रवक्ता ने कहा कि टाउन हॉल पहले से निर्धारित था और इसमें गेट्स ने एपस्टीन से जुड़े सवालों सहित कई अन्य मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। फाउंडेशन ने यह भी स्पष्ट किया कि उसने कभी एपस्टीन को कोई आर्थिक भुगतान नहीं किया और न ही किसी पद पर नियुक्त किया।
एआई सम्मेलन से अनुपस्थिति
इस महीने की शुरुआत में भारत में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में मुख्य भाषण देने से गेट्स ने अपना कार्यक्रम अचानक रद्द कर दिया था। हालांकि इस कदम का सीधे तौर पर एपस्टीन मामले से कोई संबंध नहीं बताया गया।
गेट्स फाउंडेशन और भविष्य की योजना
बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन को 2000 में बिल गेट्स और उनकी तत्कालीन पत्नी मिलिंडा ने स्थापित किया था। गेट्स ने घोषणा की है कि 31 दिसंबर 2045 तक वह फाउंडेशन को स्थाई रूप से बंद कर देंगे। 2026 के लिए फाउंडेशन का बजट 9 बिलियन डॉलर तय किया गया है और अगले 20 वर्षों के लिए 200 बिलियन डॉलर का अनुमान है। इस दौरान कर्मचारियों में कटौती की जाएगी और मुआवजा दिया जाएगा।