मेटा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम में शुक्रवार देर शाम करीब 7 बजे के आसपास बड़ी तकनीकी समस्या देखने को मिली, जिसके चलते दोनों सेवाएं प्रभावित हो गईं। यूजर्स को न तो नई पोस्ट दिखाई दे रही थीं और न ही वे कोई नया कंटेंट अपलोड कर पा रहे थे।

कई लोगों ने शिकायत की कि ऐप और वेबसाइट दोनों पर ही फीड लोड नहीं हो रहा है और बार-बार पेज क्रैश हो रहा है। कुछ यूजर्स को अपनी प्रोफाइल जानकारी भी एक्सेस करने में परेशानी हुई। डाउन डिटेक्टर पर भी बड़ी संख्या में आउटेज रिपोर्ट दर्ज की गईं, जिससे समस्या की पुष्टि हुई।

हालांकि यह दिक्कत मुख्य रूप से वेब वर्जन में ज्यादा देखी गई, जबकि मोबाइल ऐप्स पर कुछ यूजर्स को आंशिक रूप से सेवाएं मिलती रहीं।

इसी बीच मेटा की ओर से भी स्थिति को स्वीकार किया गया। कंपनी के कम्युनिकेशंस वाइस प्रेसिडेंट एंडी स्टोन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि कंपनी को इस आउटेज की जानकारी है और तकनीकी टीम समस्या को जल्द ठीक करने में जुटी हुई है।

इस खराबी को लेकर यूजर्स ने सोशल मीडिया पर नाराजगी भी जताई। कई लोगों ने बताया कि ऐप खोलते ही खाली पेज दिख रहा है, जबकि कुछ यूजर्स अचानक अपने अकाउंट से लॉगआउट हो गए और दोबारा लॉगिन नहीं कर पाए।

यह समस्या केवल भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि अमेरिका, यूरोप और एशिया के कई देशों में भी यूजर्स ने इसी तरह की दिक्कतों की शिकायत की। कुछ ही समय में X पर फेसबुक और इंस्टाग्राम डाउन होने की शिकायतों की बाढ़ आ गई।

डाउन डिटेक्टर के अनुसार, इंस्टाग्राम और फेसबुक से जुड़ी शिकायतों में सामान्य से कई गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई। जहां आम दिनों में कुछ दर्जन रिपोर्ट आती हैं, वहीं आउटेज के दौरान यह संख्या हजारों तक पहुंच गई।