सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के करोड़ों यूजर्स को बुधवार की शाम अचानक तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। रात करीब 8:15 बजे से प्लेटफॉर्म की सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गईं, जिससे यूजर्स न तो मोबाइल ऐप पर नई पोस्ट देख पा रहे हैं और न ही डेस्कटॉप वेबसाइट पर फीड लोड हो रही है।
समस्या का स्वरूप
यूजर्स जब अपनी टाइमलाइन रिफ्रेश करने की कोशिश कर रहे हैं, तो उन्हें “Something went wrong. Try Reloading” जैसा संदेश दिखाई दे रहा है। यह समस्या केवल होम फीड तक ही सीमित नहीं है, बल्कि प्रोफाइल, सर्च और नोटिफिकेशन सेक्शन भी सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं।
दुनियाभर में X हुआ डाउन
आउटेज की जानकारी देने वाली वेबसाइट DownDetector पर अचानक हजारों रिपोर्ट दर्ज की गईं। खबर लिखे जाने तक लगभग 4,500 से अधिक यूजर्स ने X के ठप होने की जानकारी साझा की। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह समस्या केवल भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और यूरोपीय देशों में भी यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।