नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X की सेवाएं सोमवार शाम करीब 7 बजे अचानक बाधित हो गईं, जिससे देशभर में हजारों यूजर्स प्रभावित हुए। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउन डिटेक्टर के अनुसार, भारत के विभिन्न शहरों से 3,500 से अधिक लोगों ने प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने में दिक्कत की सूचना दी।

यूजर्स को परेशानी वेबसाइट और मोबाइल एप—दोनों पर आई। आंकड़ों के मुताबिक, लगभग 49 प्रतिशत लोगों ने वेबसाइट एक्सेस न होने की शिकायत की, जबकि 41 प्रतिशत यूजर्स को एप पर समस्या का सामना करना पड़ा। वहीं करीब 10 प्रतिशत लोगों ने बताया कि उनकी फीड या टाइमलाइन लोड नहीं हो रही थी।

पहले भी आ चुकी है तकनीकी दिक्कत

यह पहली बार नहीं है जब X की सेवाएं प्रभावित हुई हों। इससे पहले 5 फरवरी को भी शाम करीब 4 बजे प्लेटफॉर्म कुछ समय के लिए डाउन हो गया था। उसी दिन सुबह इंस्टाग्राम की सेवाएं भी वैश्विक स्तर पर प्रभावित हुई थीं। खासतौर पर वे यूजर्स ज्यादा प्रभावित हुए थे जो कंप्यूटर या ब्राउजर के माध्यम से इंस्टाग्राम चला रहे थे।

हालांकि, ताजा आउटेज के पीछे की वजह को लेकर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।