नई दिल्ली से वॉशिंगटन डीसी जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI103 को तकनीकी समस्या के कारण वियना में रोकना पड़ा। ईंधन भरने के दौरान नियमित जांच के समय विमान में तकनीकी खराबी का पता चलने पर, सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को यहीं रद्द कर दिया गया।
यात्रियों को वियना में उतार कर उपलब्ध कराई गई वैकल्पिक उड़ानें
एयरलाइन के अनुसार, वॉशिंगटन जाने वाले यात्रियों को वियना में सुरक्षित उतारकर आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की गई। साथ ही, यात्रियों को पूर्ण धनवापसी का विकल्प भी दिया गया। जिन यात्रियों के पास शेंगेन वीजा या वीजा-मुक्त प्रवेश की पात्रता थी, उन्हें वियना में होटल ठहराव की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जबकि अन्य यात्रियों के लिए आव्रजन प्रक्रिया पूरी होने तक अस्थायी व्यवस्था की गई।
वॉशिंगटन से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट भी रद्द
उक्त तकनीकी समस्या का प्रभाव वॉशिंगटन डीसी से वियना होते हुए दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI104 पर भी पड़ा, जिसे रद्द कर दिया गया। इस फ्लाइट के यात्रियों को भी वैकल्पिक उड़ानों में समायोजित किया गया, और उनकी प्राथमिकताओं के आधार पर पूर्ण रिफंड की पेशकश की गई।
एअर इंडिया ने जताया खेद, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए ही यह निर्णय लिया गया। उन्होंने असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए बताया कि यह कदम उड़ान पूर्व सुरक्षा जांच के मानकों के तहत उठाया गया।
एअर इंडिया ने सुरक्षा जांच बढ़ाई, कुछ सेवाएं अस्थायी रूप से कम
उल्लेखनीय है कि एअर इंडिया और उसकी सहायक कंपनी एअर इंडिया एक्सप्रेस प्रतिदिन 1,100 से अधिक उड़ानों का संचालन करती हैं, जिनमें औसतन 1.5 लाख से ज्यादा यात्री यात्रा करते हैं। एयरलाइन ने हाल में यूरोप और एशिया में हवाई यातायात में भीड़, हवाई क्षेत्र प्रतिबंध और अन्य परिचालन चुनौतियों का हवाला देते हुए सुरक्षित संचालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत उड़ान पूर्व सुरक्षा जांच को और अधिक सख्त किया है, जिसके कारण कुछ सेवाओं को अस्थायी रूप से कम किया गया है।
Read News: म्यांमार में फिर कांपी धरती, सुबह 4.1 तीव्रता का भूकंप
 
                 
                 
                 
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                     
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                        