गाजियाबाद: आनंद विहार से बिहार जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस 14006 के सेकंड AC कोच के पहिये में अचानक आग लग गई। घटना हरनंदी नदी पुल के पास हुई, जहां गश्त कर रहे दो RPF कांस्टेबलों ने धुआं देखा और तुरंत गार्ड व कंट्रोल रूम को सूचना दी। ट्रेन को गाजियाबाद स्टेशन के आउटर ट्रैक पर रोक दिया गया और आग बुझा दी गई। करीब आधे घंटे बाद ट्रेन को फिर से रवाना किया गया।

यात्री सुरक्षित, कोई घायल नहीं

आग लगने के दौरान ट्रेन धीमी हुई तो कुछ यात्री घबरा कर कोच से बाहर कूद गए, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है। घटना स्थल पर मौजूद RPF इंस्पेक्टर चेतन प्रकाश और अन्य कर्मियों ने आग बुझाने के उपकरणों के साथ तुरंत कार्रवाई की। जिस कोच के पहिये में आग लगी थी, उससे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

आग लगने का कारण

रेलवे तकनीकी टीम की जांच में पाया गया कि आग कोच की बाइंडिंग टूटने और ब्रेक शू फंसने के कारण लगी थी। फंसे हुए ब्रेक शू को ठीक कर ट्रेन को सुरक्षित रूप से प्लेटफॉर्म नंबर एक या दो पर लाया गया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने आवश्यक आइसोलेशन सर्टिफिकेट जारी किया और शाम 7:07 बजे ट्रेन को रवाना किया गया।