मुजफ्फरनगर के ककरौली थाना क्षेत्र के खेड़ी फिरोजाबाद गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय किशोर की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राशिद के पुत्र मुशीर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मुशीर अपने कुछ दोस्तों के साथ गर्मी से राहत पाने के लिए नहर में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूब गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद साथियों ने शोर मचाकर जानकारी दी।

सूचना मिलने पर नहर में पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए जौली रेगुलेटर से पानी बंद कराया गया और युवक की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयासों के बाद उसे नहर से बाहर निकाला गया।


इसके बाद मुशीर को तुरंत जौली गांव स्थित एक चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि यह पूरी तरह एक हादसा है और उन्होंने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है। मृतक मुशीर बेहड़ा सादात स्थित स्वामी ओमनानंद कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में पिता राशिद, माता गुलशन और छोटी बहन मंतशा शामिल हैं।