ग्रेटर नोएडा। चूहड़पुर स्थित पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसायटी के बाहर शुक्रवार को उस समय माहौल गरमा गया जब बड़ी संख्या में घरेलू सहायिकाएं एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगीं। मामला एक सहायिका के साथ कथित मारपीट से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके बाद सोसायटी परिसर के बाहर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही बीटा-2 कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
घरेलू सहायिका से मारपीट के आरोप
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि सोसायटी के एक फ्लैट में काम करने वाली घरेलू सहायिका के साथ मारपीट की गई। कुछ लोगों द्वारा चाकू से हमला किए जाने की बात भी सामने आई, हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि एक फ्लैट की मालिकन ने अपनी घरेलू सहायिका को थप्पड़ मारा था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
मेडिकल और FIR दर्ज
घटना के विरोध में अन्य घरेलू सहायिकाएं भी मौके पर इकट्ठा हो गईं, लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति शांत कराई। पीड़ित सहायिका का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसकी शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।