लखनऊ में आम महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ, 800 प्रजातियां प्रदर्शित

लंदन और दुबई के लिए आम निर्यात को सीएम योगी ने दिखायी हरी झंडी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवध शिल्पग्राम में आयोजित उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2025 का औपचारिक उद्घाटन किया। तीन दिवसीय इस आयोजन में प्रदेश की विविध आम प्रजातियों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिनमें से कई किस्मों को लंदन, दुबई और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए रवाना किया गया।

मुख्यमंत्री ने आम से लदे कंटेनरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इस अवसर पर महोत्सव की स्मारिका का विमोचन भी किया। साथ ही प्रदेश के प्रगतिशील आम उत्पादकों को सम्मानित कर उनकी भूमिका को सराहा।

800 से अधिक किस्में, आम से जुड़े कई आयोजन

अवध शिल्पग्राम में सजे आम महोत्सव में 800 से अधिक आम की प्रजातियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
महोत्सव में शाम को सांस्कृतिक संध्या, आम खाने की प्रतियोगिता, तकनीकी सेमिनार और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास के काव्य पाठ का आयोजन भी प्रमुख आकर्षण रहेगा।

आम प्रेमियों और बागवानी के शौकीनों के लिए बड़ी संख्या में आम के पौधे भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें वे मौके पर ही खरीद सकते हैं।

खास प्रजातियों की धूम

महोत्सव में दशहरी के आंगन में अरुणिमा, अंबालिका, योगीराज, गदाधर, राजा मिठुआ और जरदालू जैसे स्थानीय किस्मों के साथ-साथ अमेरिका की प्रसिद्ध प्रजाति टॉमी एटकिंस की भी प्रदर्शनी की जा रही है।
इन आमों की रंगत, मिठास और आकार में विविधता देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।

देशभर से आए बागवानी विशेषज्ञ

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों के उद्यान विभागों के प्रतिनिधि, निर्यातक, एफपीओ, वैज्ञानिक, शोधकर्ता और किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं। यह महोत्सव आम के क्षेत्र में व्यापार, नवाचार और वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

महोत्सव की मुख्य बातें एक नजर में:

  • प्रदेश में 3.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आम की खेती, 61.46 लाख मीट्रिक टन उत्पादन।
  • देश के कुल आम उत्पादन का 27% उत्तर प्रदेश में।
  • 58 वर्गों में प्रतियोगिताएं, जिसमें 1341 प्रतिभागियों द्वारा 2502 नमूने प्रदर्शित।
  • संरक्षित उत्पाद श्रेणी में 108 प्रतिभागियों के 351 नमूने शामिल।
  • इस वर्ष पिछले साल की तुलना में 7% अधिक नमूनों की भागीदारी।
  • प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक, प्रवेश निशुल्क।

स्वाद और पौधों की खरीददारी

आगंतुक यहाँ आम से बने उत्पाद जैसे अचार, जूस, मुरब्बा, अमावट, रसगुल्ला और आम जलेबी का स्वाद ले सकते हैं। साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले कलमी आम के पौधे भी उपलब्ध हैं।
महोत्सव का समापन 6 जुलाई को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।

Read News: भोलेनाथ की भक्ति से जुड़ा कारोबार, मुस्लिम कारीगर बना रहे कांवड़ियों की पोशाक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here