नोएडा के सेक्टर-63 में 13 अप्रैल को हुए श्रमिक प्रदर्शन के दौरान आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उसने कई वाहनों में आग लगाने और हिंसा फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश कुमार (45) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फतेहपुर जिले के जैतीखेड़ा गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह नोएडा के चोटपुर इलाके में रह रहा था और सेक्टर-63 स्थित महाविरा कंपनी में टेलर के तौर पर काम करता था।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन नरेश ने कंपनी परिसर में कर्मचारियों को हड़ताल के लिए उकसाया और बाद में भीड़ के साथ नारेबाजी करते हुए बाहर निकला। इसके बाद प्रदर्शनकारी सेक्टर-63 स्थित विपुल मोटर्स के पास पहुंचे, जहां पहले से बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
आरोप है कि नरेश और उसके साथियों ने सुनियोजित तरीके से वहां खड़े कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगे। इस दौरान लोहे के पाइपों से कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान करीब 35 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें आरोपी आगजनी और हिंसा में शामिल दिखाई दिया। वैज्ञानिक साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तारी की गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि नरेश पहले हरियाणा के मानेसर में हुए श्रमिक आंदोलन में भी शामिल रह चुका है। उसके मोबाइल फोन से श्रमिक यूनियन से जुड़े कुछ दस्तावेज और जानकारियां भी मिली हैं।
घटना के बाद आरोपी नोएडा छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल नंबर दूसरे सर्विस प्रोवाइडर में पोर्ट करा लिया था, लेकिन तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।