गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि उनके संगठन की ओर से ऐसे हिंदू परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिनमें चौथे या पांचवें बच्चे का जन्म होगा। पिंकी चौधरी के अनुसार, चौथा बच्चा होने पर 21 हजार रुपये और पांचवें बच्चे के जन्म पर 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने यह बात हिंदू समाज की जनसंख्या बढ़ाने की आवश्यकता बताते हुए कही है।

पिंकी चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि देश में कट्टरपंथ और उससे जुड़ी घटनाएं बढ़ रही हैं, जो समाज के लिए खतरा बन रही हैं। उनका दावा है कि इसी को देखते हुए हिंदू रक्षा दल ने यह पहल की है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक मदद करेगा और बच्चों की शिक्षा में भी सहयोग दिया जाएगा।

वीडियो में पिंकी चौधरी ने यह तर्क दिया कि हिंदू समाज में छोटे परिवारों का चलन बढ़ रहा है, जबकि अन्य समुदायों में अधिक बच्चे पैदा किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, जिन परिवारों को आर्थिक कारणों से दिक्कत होती है, उन्हें संगठन सहायता प्रदान करेगा।

इससे पहले भी पिंकी चौधरी विवादों में रह चुके हैं। हाल ही में गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में हथियार बांटने और जुलूस के दौरान आपत्तिजनक नारेबाजी के मामले में पुलिस ने उन्हें और उनके बेटे को गिरफ्तार किया था। पुलिस उपायुक्त (ट्रांस हिंडन) निमिष पाटिल के मुताबिक, भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी और उनके पुत्र हर्ष चौधरी को 80 फुट रोड इलाके से हिरासत में लिया गया था।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर शालीमार गार्डन कॉलोनी में घर-घर जाकर तलवारें, फरसे और अन्य हथियार बांटने का आरोप है। इसके अलावा, एक जुलूस के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ और आपत्तिजनक नारे लगाए गए थे। इस मामले में पहले भी संगठन से जुड़े कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।