सहारनपुर। नकुड़ स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर इन दिनों सिलिंडर की भारी कमी के कारण उपभोक्ताओं को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, सुबह छह बजे से ही सिलिंडर की पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारें लग जाती हैं। तेज धूप और गर्मी के बीच घंटों इंतजार करने के बाद भी कई लोग खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
उपभोक्ताओं ने बताया कि वे कई दिनों से एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि वह पिछले तीन दिनों से लगातार एजेंसी आ रहा है, फिर भी सिलिंडर नहीं मिल रहा।
केवाईसी और मोबाइल बुकिंग के बावजूद समस्या बरकरार
मुर्सलीन और सतकुमार सहित कई उपभोक्ताओं ने कहा कि उन्होंने केवाईसी पूरी करवा ली है, फिर भी सिलिंडर नहीं दिया जा रहा। साथ ही, उन्हें मोबाइल पर सिलिंडर बुक होने और डिलीवरी का मैसेज तो आता है, लेकिन वास्तविकता में सिलिंडर नहीं मिलता।
उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मामले की गंभीर जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।