गया में चलती बस बनी आग का गोला, हाईवे पर मची अफरा-तफरी

गयाजी में शनिवार दोपहर गया-डोभी-पटना मुख्य मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की एक चलती बस अचानक आग की चपेट में आ गई। यह घटना मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के एटी गेट संख्या-5 और AIIMS के पास हुई, जहां कुछ ही पलों में बस से तेज लपटें उठने लगीं और वाहन पूरी तरह आग में घिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस दोपहर करीब तीन बजे गया की ओर लौट रही थी, तभी इसके पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा और आग ने तेजी से पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। AIIMS और गया एयरपोर्ट के नजदीक हुई इस घटना से सड़क पर दहशत फैल गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बस में आग लगते ही लोग घबरा गए और कई राहगीरों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। कुछ ही मिनटों में आग इतनी भीषण हो गई कि पूरी बस जलकर खाक हो गई और आसपास के इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
चालक और कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस रोककर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि उस समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। चालक के अनुसार, आग सबसे पहले पीछे के हिस्से में लगी और तेजी से फैलती चली गई। इस दौरान बस के शीशे टूटने लगे और अंदर से जोरदार आवाजें भी सुनाई दीं।
सूचना मिलने पर मेडिकल थाना पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। शुरुआत में छोटी फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाने पड़े। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने गया-डोभी मार्ग पर यातायात भी रोक दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मेडिकल थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के अधिकारियों ने कहा कि बस नई थी और डिपो ले जाई जा रही थी। फिलहाल पूरे मामले की तकनीकी जांच की जा रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.