रामपुर में आजम खां से मिलने जाएंगे अखिलेश यादव, राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर

रामपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव 8 अक्तूबर को आजम खां से मुलाकात करने रामपुर जाएंगे। इस बीच राजनीतिक गलियारों में आजम खां के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल होने की अटकलें उड़ीं, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सपा अध्यक्ष ने यह तारीख इसलिए चुनी है क्योंकि 9 अक्तूबर को बसपा की बड़ी रैली प्रस्तावित है। सपा सूत्रों के अनुसार, अखिलेश का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जा सकता है।
मालूम हो कि मंगलवार को ही आजम खां 23 महीने बाद जेल से रिहा हुए थे। रिहाई के बाद रामपुर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि बसपा में जाने का विचार उनके मन में नहीं है।
बसपा पर दिया स्पष्ट जवाब
आजम खां ने कहा कि उनके पास “चरित्र” नाम की चीज है और इसके लिए उन्हें कोई पद या ओहदा नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग हमें सम्मान दें और प्यार करें, यही काफी है। मुरादाबाद के पूर्व सांसद एचटी हसन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जब मैं अपने आदमी को टिकट नहीं दिला पाया, तो किसी और का टिकट कैसे कटवा सकता हूं।
किसी के प्रति कोई कड़वाहट नहीं
जेल में कुछ बड़े नेताओं के न मिलने के सवाल पर आजम खां ने कहा कि उनका किसी के प्रति कोई नाराजगी नहीं है। वह चाहते हैं कि सभी खुश और सुरक्षित रहें। उन्होंने यह भी जोड़ा कि पहले लोग उन्हें पहचानते नहीं थे, लेकिन अब दर्ज मुकदमों के कारण सभी उन्हें जानने लगे हैं।
अखिलेश यादव का धन्यवाद
आजम खां ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनसे बात करके उन्हें हौसला दिया और उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश उनके उतने ही करीब हैं जितने नेताजी मुलायम सिंह यादव थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.