बांग्लादेश में फिर छाया अशांति का माहौल, चुनाव प्रचार के दौरान गोलीबारी और हमले

ढाका। बांग्लादेश में फरवरी 2026 में होने वाले आम चुनावों की तैयारियों के बीच चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है। प्रचार अभियान की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। चिटगांव में विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रत्याशी एरशाद उल्लाह को गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुमिल्ला जिले में अज्ञात हमलावरों ने एक अन्य उम्मीदवार के घर में आग लगा दी।
सरकार ने हिंसा की निंदा की, सुरक्षा के निर्देश जारी
अंतरिम सरकार ने इन घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के दौरान हिंसा किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। सरकार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि एरशाद उल्लाह पर हमला सुनियोजित नहीं था, बल्कि वे भटकी हुई गोली की चपेट में आ गए।
सरकार ने बयान जारी कर कहा, “हम सभी प्रत्याशियों और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। चिटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।”
मुख्य सलाहकार का निर्देश – दोषियों को जल्द पकड़ा जाए
मुख्य सलाहकार ने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया है कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में लाया जाए। उन्होंने कहा, “हिंसा और डराने-धमकाने की राजनीति बांग्लादेश की संस्कृति का हिस्सा नहीं बन सकती।” सरकार ने सभी राजनीतिक दलों और उनके समर्थकों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें ताकि फरवरी में होने वाले चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।
बीएनपी ने जमात-ए-इस्लामी पर लगाया माहौल बिगाड़ने का आरोप
बीएनपी ने इस हिंसा के लिए जमात-ए-इस्लामी को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जमात समर्थित छात्र संगठनों की विश्वविद्यालय चुनावों में हालिया जीत के बाद देश में अस्थिरता बढ़ी है। बीएनपी प्रत्याशी अनवारुल हक ने आरोप लगाया, “जमात-ए-इस्लामी कुछ सरकारी सलाहकारों और विदेशी ताकतों के साथ मिलकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है।”
कुमिल्ला में प्रत्याशी के घर में आगजनी से हड़कंप
कुमिल्ला जिले में बीएनपी प्रत्याशी मोनोवार सरकार के घर में गुरुवार देर रात अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। उन्होंने कहा, “हमारे घर में रखी कई वस्तुएं जला दी गईं। यह साफ संकेत है कि विपक्षी प्रत्याशियों को डराने की कोशिश की जा रही है।”
सरकार ने कहा है कि इस तरह की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई होगी और चुनावी माहौल को बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.