रांची में छेड़खानी के आरोप में मॉब लिंचिंग, भाजपा नेता के भांजे की मौत; एक गिरफ्तार

रांची/रातू। झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत लहना गांव में एक युवक की कथित रूप से भीड़ द्वारा पिटाई के बाद मौत हो गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान लहना गांव निवासी उदित मिर्धा के 25 वर्षीय पुत्र रोहित मिर्धा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश राम का भांजा था।
प्राथमिकी दर्ज, कई लोगों पर आरोप
मृतक के पिता उदित मिर्धा ने रातू थाना में मामला दर्ज कराया है। शिकायत में गांव के ही इंद्रजीत साहू, संतोष साहू, विकास साहू सहित 10 से 15 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें सूचना मिली कि रोहित के साथ मारपीट की जा रही है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने उसे गंभीर रूप से घायल पाया। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।
अस्पताल ले जाने के बाद मौत
परिजन किसी तरह रोहित को भीड़ से बचाकर रातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई। इलाज के दौरान देर शाम करीब आठ बजे उसकी मौत हो गई।
दूसरे पक्ष की शिकायत भी दर्ज
वहीं, आरोपी इंद्रजीत साहू की पत्नी शारदा देवी ने भी थाने में शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि खेत में सब्जी देखने के दौरान रोहित मिर्धा द्वारा उनके साथ कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार किया गया।
महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर युवक की पिटाई की, जिसके बाद यह घटना हुई।
जमीन विवाद और मानसिक स्थिति का दावा
मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को साजिश के तहत फंसाया गया है और गांव में पहले से चल रहे जमीन विवाद के चलते यह घटना हुई। उन्होंने यह भी बताया कि रोहित मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
पुलिस जांच जारी, एक गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इंद्रजीत साहू को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.