जशपुर में यात्रियों से भरी बस पलटी, पांच की मौत और दर्जनों घायल

जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। झारखंड के कुरडेग से कुनकुरी जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए। चार गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की पुष्टि कलेक्टर रोहित व्यास ने की।
जानकारी के अनुसार, अनमोल बस (CG 14 G 0263) करडेगा (झारखंड) से कुनकुरी की ओर जा रही थी। सुबह लगभग 9:45 बजे करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़अंबा गांव के ढलान पर बस का ब्रेक फेल हो गया। बस में सवार एक यात्री ने बस रोकने का अनुरोध किया, तभी कंडक्टर ने चिल्लाकर बताया कि ब्रेक काम नहीं कर रहा। कुछ ही क्षणों में बस अनियंत्रित होकर सुरेंद्र साय के निर्माणाधीन आवास के पास पलट गई। बस में लगभग दो दर्जन यात्री सवार थे।
स्थानीय लोगों ने बचाई कई जिंदगियां
घटना के तुरंत बाद गोड़अंबा गांव के दिगंबर यादव ने बचाव कार्य शुरू किया। उनके साथ सरपंच पति शिवशंकर साय, उपसरपंच दशरथ प्रसाद यादव और प्रभाशंकर यादव ने मिलकर प्रशासन को घटना की जानकारी दी। जेसीबी की मदद से बस को हटाकर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की जानकारी
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर कुनकुरी डॉ. के. कुजूर ने हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में पति-पत्नी और पिता-पुत्र शामिल हैं:
-
महेश राम (45), पिता रथु राम, ग्राम मकरीबंधा, तहसील दुलदुला
-
बिमला (42), पत्नी महेश राम, ग्राम मकरीबंधा, तहसील दुलदुला
-
संपति देवी (52), पति केशवर राम, जिला सिमडेगा, झारखंड
-
दिगेश्वर (40), पिता दिलभजन, ग्राम ढोढी, तहसील कुरडेग, जिला सिमडेगा, झारखंड
-
घनश्याम (5 माह), पुत्र दिगेश्वर, ग्राम ढोढी, जिला सिमडेगा
घायलों का इलाज जारी
घायलों का इलाज कुनकुरी जिला अस्पताल और अन्य नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है। 13 गंभीर घायलों का स्थानीय अस्पतालों में उपचार जारी है।
मुख्यमंत्री की पत्नी ने अस्पताल का दौरा किया
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय कुनकुरी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज तथा सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.