गगनदीप रंधावा आत्महत्या मामले में पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर गिरफ्तार

अमृतसर/मंडी गोबिंदगढ़: पंजाब वेयरहाउस कॉरपोरेशन के जिला मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, भुल्लर ने मंडी गोबिंदगढ़ में आत्मसमर्पण किया और अब उन्हें पुलिस अमृतसर ले जा रही है।
भुल्लर का बयान
लालजीत भुल्लर ने फेसबुक पेज पर लिखा कि “अफवाहें फैल रही हैं कि मैं भाग गया हूं… यह सच नहीं है। मैं सच्चाई से कभी नहीं भागूंगा। मुझे देश के कानून और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। मैं कहीं नहीं भागा, मैं अपने पंजाब में ही हूं। सत्य और न्याय में विश्वास रखते हुए, मैं मंडी गोबिंदगढ़ में आत्मसमर्पण कर रहा हूं।”
CM भगवंत मान का स्पष्ट संदेश
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब उनका परिवार है। यदि कोई भी कानून तोड़ता है, चाहे वह किसी भी पद पर हो, उनका रिश्तेदार हो या प्रभावशाली व्यक्ति, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “किसी को बचाना हमारी पार्टी का एजेंडा नहीं है। नकद लेन-देन और अनुचित लाभ पर पूरी तरह रोक है।”
पुलिस मामला दर्ज
पुलिस ने पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह और पीए दिलबाग सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, धमकी और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज किया था। मृतक की पत्नी उपिंदर कौर आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़ी हैं। परिवार ने 24 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया है।
सीसीटीवी फुटेज में खुला राज
गगनदीप रंधावा की आत्महत्या के मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें उन्हें जहरीला पदार्थ खाते हुए देखा जा सकता है।
पत्नी ने मांगी सुरक्षा
रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर ने अपने और तीन बच्चों की सुरक्षा की मांग की है। परिवार का आरोप है कि पूर्व मंत्री भुल्लर लगातार रंधावा पर टेंडर पास करने का दबाव डाल रहे थे। 13 मार्च को उन्हें बुलाकर पीटा गया, धमकियां दी गईं और जबरन वीडियो बनवाया गया, जिससे मानसिक प्रताड़ना झेलते हुए रंधावा ने आत्महत्या कर ली। परिवार ने यह भी कहा कि उन्हें खत्म करने और गैंगस्टरों से हमला कराने की धमकियां भी दी गई थीं।
वीडियो और जांच
घटना से पहले रंधावा ने अपने परिचितों को एक वीडियो भेजा था, जिसमें उन्होंने उत्पीड़न का जिक्र किया था। पुलिस ने इस वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए जांच में शामिल किया है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और टेंडर दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। गगनदीप रंधावा अमृतसर और तरनतारन जिलों के वेयरहाउस कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी पत्नी सरकारी स्कूल में विज्ञान अध्यापिका हैं और परिवार में तीन छोटे बच्चे हैं।
मुख्यमंत्री का आश्वासन
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यदि किसी ने गलत किया है या किसी को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया है तो निष्पक्ष जांच होगी। मंत्री हों या आम व्यक्ति, कानून सबके लिए समान है। उन्होंने मुख्य सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.