मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन ठप, जलभराव और मोनोरेल तकनीकी खराबी से यात्री परेशान

महाराष्ट्र में बारिश ने एक बार फिर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रविवार देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मुंबई के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। सोमवार सुबह किंग्स सर्कल इलाके में सड़कें नहर जैसी दिखने लगीं। वहीं, तकनीकी खराबी के कारण वडाला में एक मोनोरेल बीच रास्ते में रुक गई।
एमएमआरडीए के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, वडाला में मोनोरेल में आई खराबी के बाद उसमें फंसे 17 यात्रियों को सुबह 7:45 बजे सुरक्षित निकाल लिया गया। अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तकनीकी टीम की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मोनोरेल को कपलिंग की मदद से वडाला स्टेशन ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के पार्षद राजेश आनंद भोजने ने बताया कि चेंबूर से आने वाली ट्रेन में यात्रियों को स्थानांतरित किया गया। उन्होंने कहा कि मोनोरेल में बार-बार आ रही तकनीकी दिक्कतों का स्थायी समाधान सरकार को करना चाहिए।
बारिश की वजह से सोमवार सुबह मुंबई और उपनगरों के निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे दफ्तरों के समय यातायात प्रभावित हुआ। मध्य रेलवे के कुर्ला स्टेशन और पश्चिम रेलवे के बांद्रा स्टेशन पर पटरियों पर पानी जमा होने से लोकल ट्रेनें भी देरी से चलीं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार सुबह 8.30 बजे से सोमवार सुबह 5.30 बजे तक कोलाबा में 88.2 मिमी, बांद्रा में 82 मिमी और बायकुला में 73 मिमी बारिश दर्ज की गई। माहुल टाटा पावर स्टेशन पर 70.5 मिमी और जुहू में 45 मिमी वर्षा हुई, जबकि सांताक्रूज और महालक्ष्मी में क्रमशः 36.6 मिमी और 36.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.