दरभंगा में खौफनाक वारदात: तलवार से युवक की हत्या, आरोपी दारोगा ने खुद को भी मारी गोली

दरभंगा: जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक युवक की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान सुनील सहनी (पुत्र दिलीप सहनी) के रूप में हुई है। इस मामले में बिहार पुलिस के एक दारोगा मोहम्मद मोबिन पर हत्या का आरोप लगा है, जो वर्तमान में पटना में पदस्थ बताया जा रहा है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश भी की, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फोन कर बुलाया, फिर किया हमला
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुनील सहनी ने करीब तीन साल पहले गांव की ही युवती सानिया से प्रेम विवाह किया था और वह अपने परिवार के साथ अहमदाबाद में रहता था। दो दिन पहले ही वह पत्नी के साथ गांव आया था, जिसके बाद पत्नी अपने मायके चली गई।
आरोप है कि शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे सानिया के चाचा और दारोगा मोहम्मद मोबिन ने सुनील को फोन कर मंदिर के पास ताजिया तैयारी देखने के बहाने बुलाया। जैसे ही सुनील वहां पहुंचा, उस पर पहले लाठी-डंडों से हमला किया गया और फिर तलवार से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक कभी अच्छे दोस्त हुआ करते थे, लेकिन प्रेम विवाह के बाद रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। आरोपी फिलहाल छुट्टी पर गांव आया हुआ था।
वारदात के बाद खुद को मारी गोली
हत्या के बाद आरोपी दारोगा मोहम्मद मोबिन ने कथित रूप से अपनी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि हथियार सर्विस पिस्टल था या निजी।
घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर छावनी में बदल दिया है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
एसएसपी पहुंचे मौके पर
सूचना मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जांच तेज करने और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए लगाया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.