खूंटी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत

खूंटी। खूंटी जिले के सिमडेगा मुख्य पथ पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ट्रक चालक जिंदा जल गया। हादसा तोरपा थाना क्षेत्र के चुरगी गांव के पास तब हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई, जिससे चालक फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। खलासी किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक सिमडेगा से तोरपा होते हुए रांची की ओर जा रहा था। अचानक अनियंत्रित होने के बाद ट्रक पलट गया और देखते ही देखते उसमें आग फैल गई। चालक ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तोरपा थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक चालक पूरी तरह जल चुका था। हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने ट्रक के राजस्थान के अलवर जिले से होने की जानकारी दी है। चालक की पहचान की पुष्टि की जा रही है, जबकि फरार खलासी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है। घटना से स्थानीय लोगों में शोक व्याप्त है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.