मुजफ्फरपुर में विधायक की फोटो से छेड़छाड़, चरित्र हनन का मामला दर्ज

मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पर विधायक रंजन कुमार की तस्वीर का दुरुपयोग कर उनकी छवि खराब करने के आरोप में मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिकी में विधायक रंजन कुमार ने आरोप लगाया है कि विधानसभा क्षेत्र 94 से जुड़ी गतिविधियों को लेकर आरोपी लगातार सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट करता रहा है। शुक्रवार रात भी उनकी तस्वीर का गलत उपयोग कर चरित्र हनन करने की कोशिश की गई।
विधायक ने बताया कि पहले भी स्थानीय लोगों ने आरोपी को इस तरह की पोस्ट से बचने की सलाह दी थी, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार आपत्तिजनक सामग्री साझा करता रहा। उनका कहना है कि इस मामले में उनकी कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है, लेकिन जानबूझकर गलत जानकारी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि शनिवार को जब वे अपने समर्थकों और स्थानीय लोगों के साथ आरोपी के घर जानकारी लेने पहुंचे, तो वहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान कथित रूप से गाली-गलौच और हाथापाई की घटना भी हुई।
आरोपी की ओर से धमकी दिए जाने का भी आरोप है, जिसमें उसने खुद को पूर्व में जेल जाने और हथियार से जुड़ी बातों का उल्लेख करते हुए डराने की कोशिश की।
पूरे मामले को गंभीर मानते हुए विधायक ने साइबर सेल और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी शिकायत भेजकर सोशल मीडिया खातों की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.