भारत-नेपाल दोस्ती और मजबूत होगी: बालेंद्र शाह ने पीएम मोदी को कहा धन्यवाद

नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बधाई संदेश के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच सहयोग और संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए वे भारत के साथ मिलकर काम करने के इच्छुक हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने पर बालेंद्र शाह को शुभकामनाएं दी थीं और भारत-नेपाल मित्रता को और मजबूत बनाने की बात कही थी।
दोनों देशों के लोगों के हित में सहयोग बढ़ाने की बात
नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। बयान में कहा गया कि नेपाल और भारत के बीच बहुआयामी संबंधों को आगे बढ़ाने और दोनों देशों के लोगों की समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की उम्मीद है।
दरअसल, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के संसदीय दल के नेता बालेंद्र शाह को हाल ही में नेपाल का प्रधानमंत्री चुना गया है।
पीएम मोदी ने दी थी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बालेंद्र शाह को बधाई दी थी। उन्होंने लिखा कि नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं। मोदी ने कहा कि यह नियुक्ति नेपाल के लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाती है।
मोदी ने यह भी कहा कि वे भारत-नेपाल के बीच दोस्ती और सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं।
शुक्रवार को लिया था प्रधानमंत्री पद की शपथ
बालेंद्र शाह ने शुक्रवार को राष्ट्रपति के समक्ष प्रधानमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह पारंपरिक हिंदू वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें सात शंख बजाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
नेपाल की राजनीति में यह एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। बालेंद्र शाह देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने हैं और हालिया चुनावों में बड़ी संख्या में युवाओं के संसद में पहुंचने को नेपाल की राजनीति में पीढ़ीगत परिवर्तन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.