भारतीय युवक सूडान में विद्रोहियों के कब्जे में, जबरन लगवाए नारे

सूडान से एक चिंताजनक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ उग्रवादी लड़ाके एक भारतीय नागरिक को घेरकर अपने नेता के समर्थन में नारे लगवाते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहा युवक ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले का 36 वर्षीय आदर्श बेहरा है, जो वर्ष 2022 से सूडान की सुकाराती प्लास्टिक फैक्ट्री में कार्यरत था।
सूत्रों के अनुसार, विद्रोही संगठन रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के उग्रवादियों ने आदर्श को अल-फाशिर शहर से पकड़ा, जो राजधानी खार्तूम से लगभग 1,000 किलोमीटर दूर स्थित है। वीडियो में देखा जा सकता है कि उग्रवादी आदर्श से अपने नेता मोहम्मद हमदान दागालो के समर्थन में नारे बुलवा रहे हैं। यही नहीं, उन्होंने उससे यह भी पूछा कि क्या वह बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को जानता है।
सूडान इस समय गृहयुद्ध की चपेट में है। अप्रैल 2023 से देश की सशस्त्र सेना और विद्रोही आरएसएफ गुट के बीच संघर्ष जारी है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक इस युद्ध के कारण लगभग 1.3 करोड़ लोग विस्थापित हो चुके हैं और हजारों ने अपनी जान गंवाई है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अल-फाशिर क्षेत्र में विद्रोहियों के कब्जे के बाद 2,000 से अधिक नागरिकों की हत्या की जा चुकी है। कई महिलाओं के साथ यौन हिंसा की घटनाएं भी सामने आई हैं। लगातार बिगड़ती मानवीय स्थिति पर संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एजेंसियों ने गंभीर चिंता व्यक्त की है।
सूडान के कई इलाके अब भुखमरी और अकाल के खतरे का सामना कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.