लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा: तेंदुए के हमले में 6 वर्षीय बच्चे की मौत

लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां खेत में पिता के साथ मौजूद छह वर्षीय बच्चे पर तेंदुए ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रायपुर निवासी जवाहर अपने बेटे शुभम के साथ शाम के समय खेत में गए थे। इसी दौरान गन्ने के खेत से अचानक निकले तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर दिया। हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। पिता और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाया, जिसके बाद वह गन्ने के खेतों में वापस चला गया।
घायल बच्चे को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना पर वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही है।
इधर, बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। परिजनों और ग्रामीणों ने खमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए खमरिया–ईसानगर मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
स्थिति को देखते हुए धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी और ईसानगर, धौरहरा व खमरिया पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। लंबी समझाइश के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल जाती तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच कराने की बात कही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.