क्रिकेट खेलते समय गिरी बिजली, 16 साल के किशोर की मौके पर मौत

होशियारपुर जिले के गढ़शंकर क्षेत्र में बकापुर गुरु के खेल मैदान में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। क्रिकेट खेलते समय अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 16 वर्षीय तरनवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य किशोर गंभीर रूप से झुलस गए।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूलों में छुट्टी होने के कारण करीब 11 युवक मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे अचानक मौसम बदला और उसी दौरान मैदान के पास बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से तरनवीर सिंह (16), जस्सी (17) और अंश लोई (15) बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग तीनों को नवांशहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तरनवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल जस्सी और अंश लोई का अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
तरनवीर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गढ़शंकर के शवगृह में रखा गया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मृतक के पिता ओंकार नाथ निजी बस चलाते हैं, जबकि उनकी माता नरेश कुमारी गांव की पंच हैं। हादसे के समय तरनवीर का छोटा भाई हरमनवीर सिंह भी मैदान में मौजूद था, लेकिन वह सुरक्षित बच गया। इस घटना में कुल नौ अन्य युवक बाल-बाल बच गए।
घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण तरनवीर के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.