मथुरा: सीएम योगी को जान से मारने की धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार

मांट (मथुरा)। जमीन के विवाद से परेशान एक युवक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोली मारने की धमकी देते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया। जब पुलिस उसे पकड़ने गांव नगला हरदयाल पहुंची तो आरोपी ने छत पर चढ़कर देसी पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। गनीमत रही कि कोई पुलिसकर्मी इसकी चपेट में नहीं आया।
सूचना मिलते ही सीओ मांट आशीष कुमार और एसडीएम मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के घर खाली कराए गए और पुलिस ने छतों से मोर्चा संभाल लिया। करीब तीन घंटे तक चले तनावपूर्ण घटनाक्रम के बाद आखिरकार आरोपी को काबू में ले लिया गया। उसके पास से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं।
शुक्रवार को जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीनदयाल धाम में कार्यक्रम में शामिल थे, तभी नगला हरदयाल निवासी सुनीत उर्फ गटुआ ने सोशल मीडिया पर वीडियो डाला। उसमें उसने कहा कि यदि उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह मुख्यमंत्री को गोली मार देगा और बाद में आत्महत्या कर लेगा। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और शाम को पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
पुलिस ने काफी देर तक आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था और बार-बार खुद को गोली मारने की धमकी दे रहा था। अंततः जब वह छत से कूदकर भागने लगा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया।
एसपीआरए सुरेशचंद रावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुख्यमंत्री को धमकी देने और फायरिंग करने का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से देसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुराना विवाद बना वजह
आरोपी सुनीत उर्फ गटुआ के पिता भगवान सिंह की 2004 में भूमि विवाद में हत्या हो चुकी है। तभी से उसका अपने रिश्तेदारों से विवाद चल रहा है। उसने कई बार अधिकारियों और यहां तक कि मुख्यमंत्री आवास पर भी न्याय की गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई न होने से उसने यह कदम उठाया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने पिस्टल 50 हजार रुपये में खरीदी थी। फिलहाल पुलिस उससे आगे की जानकारी जुटा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.