मुजफ्फरनगर: बछड़े को जंगल में छोड़ने का वीडियो वायरल, पुलिस ने गौपालक को हिरासत में लिया

मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने एक गौपालक को कानूनी मुश्किल में डाल दिया। मामला उस समय सामने आया जब एक व्यक्ति को अपनी दुधारू गाय के बछड़े को रात के अंधेरे में जंगल में छोड़ते हुए देखा गया। वीडियो के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, रामलीला टिल्ला निवासी राकेश मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे बछड़े को लेकर न्याजूपुरा के जंगल में पहुंचा था। वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसकी गतिविधियों पर शक होने पर पूछताछ की और पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

मामले की शिकायत गौसेवक नीशू ने शहर कोतवाली पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने जंगल में छोड़े गए बछड़े को भी बरामद कर गौसेवक को सौंप दिया, जिसे बाद में नंदी गौशाला में भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की बात कही। हालांकि पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।

इस बीच घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर फिर से चर्चा में आ गए हैं। पहले वीडियो में आरोपी को स्थानीय लोगों द्वारा रोकते हुए देखा जा सकता है, जबकि दूसरे वीडियो में वह पुलिस हिरासत में हाथ जोड़कर माफी मांगता और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की बात कहता नजर आ रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.