पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव संपन्न, कुछ छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन

पटना। पटना विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में शनिवार दोपहर ढाई बजे तक मतदान पूरी तरह से संपन्न हो गया। मतदान के दौरान पटना वूमेंस कॉलेज के पास कुछ छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, तेज प्रताप यादव के समर्थन वाले निर्दलीय उम्मीदवार रिंकल यादव ने भी चुनाव प्रक्रिया पर असंतोष जताया। रिंकल यादव ने आरोप लगाया कि उनके नाम के बजाय बैलट पेपर पर रिंकल कुमार लिखा गया है और यह उनके खिलाफ साजिश का हिस्सा है। उन्होंने चुनाव को रद्द करने की मांग भी की।
इस चुनाव में कुल 20,036 छात्रों का नाम मतदाता सूची में दर्ज है। सेंट्रल पैनल के लिए अध्यक्ष पद पर 11, उपाध्यक्ष पर आठ, महासचिव पर नौ और संयुक्त सचिव व कोषाध्यक्ष पद पर छह-छह उम्मीदवार खड़े हैं। काउंसलर पद के लिए 45 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से पांच उम्मीदवार निर्विरोध विजयी घोषित हो चुके हैं।
चुनाव प्रक्रिया:
सेंट्रल पैनल के पदों के लिए पांच और काउंसल पदों के लिए एक-एक बैलेट बॉक्स लगाया गया। सभी पदों के लिए अलग-अलग बैलेट पेपर निर्धारित किए गए हैं। छात्रों को अपने पसंदीदा उम्मीदवार के सामने क्रॉस चिह्न लगाकर वोट करना था। मतदान में भाग लेने वाले छात्रों को अपने छात्र आईकार्ड साथ लाना अनिवार्य था।
मतदान केंद्र और सुरक्षा:
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुल 41 मतदान केंद्र बनाए, जिसमें सभी कॉलेज और चार संकाय शामिल हैं। प्रत्येक बूथ पर पुलिसकर्मी और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। सुबह से ही पटना पुलिस टीम लगातार गश्ती कर रही थी, वहीं सुरक्षा की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी की जा रही थी।
परिणाम की घोषणा:
चुनाव पदाधिकारी शंकर प्रसाद ने बताया कि वोटों की गिनती आज शाम पांच बजे पटना आर्ट कॉलेज में शुरू होगी। अनुमानित छह राउंड में काउंटिंग पूरी की जाएगी और परिणाम उसी दिन घोषित कर दिया जाएगा। कुलपति प्रो. नमिता सिंह ने छात्रों से अपील की है कि वे मतदान में भाग लें और प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.