ईरानी मिसाइल हमले के बाद मध्य इजराइल में बिजली गुल, 1 घायल

पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान की ओर से किए गए मिसाइल हमले के बाद मध्य इजराइल के कई इलाकों में हालात बिगड़ गए। हमले के बाद कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कम से कम एक व्यक्ति के घायल होने की खबर सामने आई है।
इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेल अवीव के पास बनेई ब्राक इलाके में कांच के टुकड़ों से एक व्यक्ति घायल हो गया। बताया जा रहा है कि ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों के अवशेष 17 से ज्यादा स्थानों पर गिरे, जिससे कई जगहों पर नुकसान दर्ज किया गया।
तेल अवीव में सड़कों को नुकसान
मिसाइल हमले के चलते रोश हायिन के एक रिहायशी इलाके में भारी नुकसान हुआ और वहां बिजली आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार एक किंडरगार्टन के पास भी मिसाइल के टुकड़े पाए गए। वहीं तेल अवीव में एक सड़क धंसने की सूचना है, जबकि रामत गान क्षेत्र में एक इमारत के ढहने की खबर सामने आई है। बनेई ब्राक में कुछ वाहनों में आग लगने की घटनाएं भी बताई गई हैं।
बेरूत में इजराइल की जवाबी कार्रवाई
दूसरी ओर, इजराइली सेना ने दावा किया है कि उसने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सेना के मुताबिक यह कदम तब उठाया गया जब हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में तीन अलग-अलग जगहों पर इजराइली सैनिकों पर हमले की जिम्मेदारी ली।
इसी बीच इजराइली मीडिया की रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि दक्षिणी इजराइल में ईरान की ओर से किए गए एक और मिसाइल हमले के बाद नेगेव क्षेत्र के एक औद्योगिक इलाके में आग लग गई, जिससे वहां भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.