बिहार में सत्ता परिवर्तन की तैयारी, भाजपा नेताओं की दिल्ली में अहम बैठक

पटना: सत्ता परिवर्तन की तैयारी को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने शुक्रवार को बिहार के नेताओं की दिल्ली में अहम बैठक बुलाई है। इसमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और कोर ग्रुप के अन्य सदस्य भी शामिल होंगे।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में हो रही यह बैठक बिहार में नई सरकार के गठन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में विधान मंडल दल की बैठक बुलाने, नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तैयारियों और अन्य रणनीतिक पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना है।
इसी बीच, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान को लेकर भी 10 अप्रैल को बिहार के भाजपा नेताओं की दिल्ली में बैठक होने वाली है। इस बैठक में प्रदेश के सभी प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे। प्रशिक्षण अभियान के तहत बिहार के 1420 मंडलों में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, इसके बाद जिलास्तर पर भी यह अभियान चलाया जाएगा।
जदयू में भी हलचल:
वहीं, जदयू के मुख्य प्रवक्ता एवं विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने अपने सरकारी आवास पर पोस्टर लगवाकर राजनीतिक संदेश दिया है। पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके पुत्र निशांत कुमार की तस्वीर के साथ लिखा है: “विरासत मजबूत, भविष्य दमदार, निशांत कुमार हैं तैयार।” पोस्टर में पार्टी का चुनाव चिह्न तीर भी शामिल है।
नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विरासत को आगे बढ़ाने और उसे और गरिमापूर्ण बनाने की जिम्मेदारी निशांत कुमार संभालने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जदयू कार्यकर्ताओं की लंबे समय से यह इच्छा रही कि निशांत केंद्रीय भूमिका में आएं, और अब इस भूमिका में आने से पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.