रांची: मैक्सीजोन चिटफंड घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, यूपी के 20 ठिकानों पर छापेमारी

रांची। करीब 521 करोड़ रुपये के मैक्सीजोन चिटफंड घोटाले में ईडी ने गुरुवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 20 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह अभियान दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में संचालित ठिकानों पर जारी है।
जमशेदपुर में मैक्सीजोन चिटफंड केस में पहले से तीन प्राथमिकी दर्ज हैं। इन प्रथमिकियों के आधार पर ईडी के रांची जोनल कार्यालय में पीएमएलए के तहत इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की गई थी। 16 सितंबर 2025 को भी ईडी ने झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक में कंपनी के संचालकों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी।
निवेश का लालच देकर 521 करोड़ की ठगी
मैक्सीजोन के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह पर आरोप है कि उन्होंने लोगों को बेहतर निवेश का लालच देकर 521 करोड़ रुपये की ठगी की। जांच में सामने आया है कि ठगी की राशि 21 बैंकों में जमा थी और चंद्रभूषण ने इससे करोड़ों की चल-अचल संपत्ति खरीदी।
चंद्रभूषण सिंह ने अपना नाम बदलकर नोएडा में दीपक सिंह के नाम से रहना शुरू किया था। उन्हें वहां की पुलिस ने ठगी मामले में गिरफ्तार किया था। मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले चंद्रभूषण के खिलाफ जमशेदपुर के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक में भी प्राथमिकी दर्ज है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.