दशहरा-दीवाली पर सड़क मार्ग से सफर आसान, यूपी रोडवेज चलाएगा अतिरिक्त बसें

आगरा। त्योहारों पर घर लौटने वालों की भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर निगम अतिरिक्त बसें उतारेगा, वहीं पहले से चल रही बसों के चक्कर भी बढ़ाए जाएंगे। योजना के मुताबिक यात्रियों को हर 30 मिनट पर गंतव्य के लिए बस उपलब्ध कराई जाएगी।
इस बार दशहरा 2 अक्तूबर, दीपावली 22 अक्तूबर और छठ पर्व की शुरुआत 25 अक्तूबर से होगी। ऐसे में यात्रा करने वालों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ने की आशंका है। निगम के मुताबिक अभी आगरा से करीब 713 बसें छोटी और लंबी दूरी के लिए नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। ये सेवाएं लखनऊ, अलीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, जयपुर, बरेली, अयोध्या, टनकपुर, औरैया, मैनपुरी, मथुरा, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, झांसी और कानपुर सहित विभिन्न मार्गों पर चल रही हैं। ग्रामीण इलाकों के लिए भी फाउंड्री नगर, आईएसबीटी, ईदगाह, फोर्ट और बाह डिपो से पर्याप्त बसें भेजी जाती हैं।
नई बसों से मजबूत होगा बेड़ा
निगम के बेड़े में 90 नई बसों को शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है। इनमें से 30 बसें आगरा मंडल को मिल चुकी हैं। अधिकारियों का कहना है कि इससे त्योहारों पर सीट की कमी जैसी समस्या का सामना यात्रियों को नहीं करना पड़ेगा।
अतिरिक्त फेरे का इंतजाम
क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि त्योहारों के दौरान सभी प्रमुख मार्गों पर बसों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी। इसके लिए जल्द ही विस्तृत निर्देश जारी किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.