शेखपुरा: कस्तूरबा स्कूल में 27 छात्राएं बीमार, भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत

बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शेखपुरा के एक आवासीय स्कूल में शनिवार शाम अचानक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। एक साथ 27 छात्राएं बीमार पड़ गईं, जिनमें कुछ बेहोश भी हो गईं। घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सभी छात्राओं को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक मामला सदर प्रखंड के लोदीपुर गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का है। बताया जा रहा है कि शाम का भोजन करने के कुछ समय बाद छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी और घबराहट जैसी शिकायतें होने लगीं। देखते ही देखते कई बच्चियों की हालत बिगड़ गई, जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
स्थिति गंभीर होते देख विद्यालय प्रशासन ने बिना देरी किए सभी छात्राओं को अस्पताल भेजा। डॉक्टरों की शुरुआती जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई गई है। अस्पताल में भर्ती छात्राओं में काजल कुमारी, शांति कुमारी, तनुजा कुमारी, अंजली कुमारी, मौसम कुमारी, अर्निका कुमारी, बेबी, शिवानी, सोनाली कुमारी और सीता कुमारी समेत अन्य छात्राएं शामिल हैं।
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सभी बच्चियों का इलाज जारी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। समय रहते उपचार मिलने से स्थिति नियंत्रण में है और किसी की हालत गंभीर नहीं है।
घटना की सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी प्रियंका कुमारी भी अस्पताल पहुंचीं और भर्ती छात्राओं का हालचाल लिया। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है, वहीं भोजन के सैंपल की भी जांच कराई जा सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.