सपा ने दिया कसाइयों को संरक्षण, भाजपा ने गाय को सम्मान: ब्रजेश पाठक

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार टिप्पणी करते हुए कहा कि सपा शासन में अपराधियों और अवैध बूचड़खानों को संरक्षण मिलता था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने गायों का सम्मान सुनिश्चित किया है। पाठक ने कहा कि जनता लंबे समय से सपा मुखिया की सत्ता के लिए बेचैनी देख रही है।
ब्रजेश पाठक ने गोरखपुर प्रकरण का उदाहरण देते हुए कहा कि रहीम की गिरफ्तारी केवल 24 घंटे में हो गई, जबकि सपा के समय अपराधियों को बचाने की कोशिश की जाती थी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब अपराधियों को किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। अपराधी पुलिस पर हमला करेंगे तो उसी भाषा में जवाब मिलेगा। पाठक ने स्पष्ट किया कि अधिकांश अपराधी या तो प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं या जेलों में हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के दौरान बेटियां शाम पांच बजे के बाद घर से बाहर निकलने में डरती थीं और व्यापारी जबरन वसूली का सामना करते थे। अब बेटियां सुरक्षित हैं और रात के समय भी निर्भय होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकती हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि भाजपा शासन में व्यापारिक माहौल शांतिपूर्ण है और सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए भी गंभीर है। वर्ष 2017 से अब तक 240 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं और 550 वर्ग किलोमीटर से अधिक वन क्षेत्र बढ़ाया गया है। पाठक ने कहा कि भाजपा जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर काम कर रही है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ा है और लगातार लोगों की मौतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पीड़ित परिवारों का संकट है और समाजवादी सरकार आने पर जंगली जानवरों और सांड़ों के हमले से प्रभावित परिवारों और घायलों की मदद सुनिश्चित की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.