राष्ट्रपति भवन में खेल जगत के सितारों का सम्मान, रोहित शर्मा को मिला पद्म श्री

राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खेल जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पद्म श्री, जबकि टेनिस के दिग्गज विजय अमृतराज को पद्म भूषण से नवाजा गया। वहीं भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सविता पूनिया को भी पद्म श्री सम्मान प्रदान किया गया। मध्य प्रदेश के भगवानदास रायकवार को मरणोपरांत पद्म श्री दिया गया।
खेल सितारों का सम्मान, कई दिग्गज सूची में शामिल
केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर ही इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी थी, जिसमें खेल जगत के कई नामचीन खिलाड़ियों को शामिल किया गया था। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने हाल के वर्षों में कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं।
रोहित शर्मा का शानदार सफर
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया। रोहित ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था, लेकिन वनडे प्रारूप में वह लगातार टीम के लिए अहम भूमिका निभाते रहे। उनके नेतृत्व में भारत ने टी20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जैसे बड़े खिताब अपने नाम किए, जिससे उनका करियर और भी ऐतिहासिक बन गया।
सविता पुनिया और विजय अमृतराज का योगदान
भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया को भी पद्म श्री सम्मान दिया गया है। लंबे समय तक टीम की रीढ़ बनी रहीं सविता ने कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन किया।
वहीं, टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। वे इस वर्ष यह सम्मान पाने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। इससे पहले उन्हें 1974 में अर्जुन पुरस्कार और 1983 में पद्म श्री से नवाजा जा चुका है। उनका खेल करियर भारतीय टेनिस इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय माना जाता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.