आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, यूपी में 5 की मौत; एमपी में एंबुलेंस पर गिरा पेड़

देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है और प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। आठ राज्यों में प्री-मानसून सिस्टम सक्रिय है, जबकि राजस्थान सहित करीब नौ राज्यों में बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में आंधी और बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है।
आंधी-बारिश से हादसे, कई जगह नुकसान
शनिवार को मध्य प्रदेश के भोपाल समेत चार जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई।
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश के दौरान हुए अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की जान चली गई। उन्नाव और गाजीपुर में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई, जबकि कासगंज में मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मृत्यु हो गई।
राजस्थान के चूरू में तेज आंधी और बारिश के चलते मकान की दीवार गिरने से एक परिवार के चार लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य कर सभी को अस्पताल पहुंचाया।
झारखंड और ओडिशा में मानसून की दस्तक
मानसून ने झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में इसके छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है। इससे पूरे उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
देश के कई हिस्सों तक पहुंचा मानसून
4 जून को केरल से शुरुआत करने के बाद मानसून ने महज 9 दिनों में तेजी से विस्तार करते हुए 19 राज्यों को कवर कर लिया है। 13 जून तक यह केरल, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पूर्वोत्तर के सभी राज्यों, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा तक पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 14 जून से 5 जुलाई के बीच मानसून छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में भी सक्रिय हो जाएगा।
कई राज्यों में अब भी गर्मी का असर
बारिश के बावजूद देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
सबसे अधिक तापमान महाराष्ट्र के यवतमाल में 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42 डिग्री, गुजरात के भावनगर में 41.9 डिग्री और राजस्थान के जैसलमेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय रहने के कारण 19 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 14 से 19 जून के बीच बारिश की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में भी इसी अवधि में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 जून तक रुक-रुक कर बारिश के साथ कुछ जगहों पर आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अलग-अलग दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.