गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी, 15 वर्षीय किशोर हिरासत में

कुशीनगर। गोरखपुर जोन में उस समय हड़कंप मच गया जब सोमवार रात करीब 12 बजे डीआईजी गोरखपुर को फोन कर गोरखनाथ मंदिर और मुख्यमंत्री को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तुरंत जांच शुरू कर दी गई।
मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर पुलिस को पता चला कि कॉल कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र के बलुआ तकिया गांव से की गई थी। इसके बाद गोरखपुर पुलिस और पटहेरवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम मंगलवार तड़के करीब तीन बजे गांव पहुंची और 15 वर्षीय किशोर को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में सामने आया कि धमकी देने वाला किशोर मानसिक रूप से अस्वस्थ है और नशे की आदत का भी शिकार है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने पाया कि वह पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है। वर्ष 2025 में भी उसने तीन बार श्रीराम मंदिर को उड़ाने की धमकी दी थी, जिसके बाद उसे मानसिक स्थिति को देखते हुए छोड़ दिया गया था।
ग्रामीणों के अनुसार, किशोर अपने परिवार से अलग रहता है। उसके माता-पिता के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। वह अपनी 70 वर्षीय दादी के साथ रहता है और अक्सर गांव में इधर-उधर घूमता रहता है।
थानाध्यक्ष प्रविंद्र कुमार राय ने बताया कि गोरखपुर पुलिस किशोर को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। विस्तृत जांच के बाद उसे उसके घर वापस लाकर छोड़ दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.