बिहार विधानसभा और सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच जारी

पटना में एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। सिविल कोर्ट परिसर और बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है।
सूचना मिलते ही पटना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता मौके पर पहुंचकर सिविल कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी में जुट गए। पीरबहोर थाना पुलिस के अनुसार, ई-मेल के आधार पर जांच की जा रही है, हालांकि कोर्ट की कार्यवाही को रोका नहीं गया है और सामान्य रूप से कामकाज जारी है।
धमकी भरे संदेश में दावा किया गया है कि बिहार विधानसभा भवन में 13 आईईडी (IED) और आरडीएक्स लगाए गए हैं, जिन्हें दोपहर 2:15 बजे विस्फोट करने की बात कही गई है। संदेश में विधायकों और आम लोगों को तुरंत परिसर खाली करने की चेतावनी भी दी गई है।
ई-मेल में आगे यह भी लिखा गया है कि विस्फोट में साइनाइड गैस का उपयोग किया जाएगा और इसे एक सुनियोजित हमला बताया गया है। साथ ही संदेश में विभिन्न राज्यों की घटनाओं का उल्लेख करते हुए पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक कार्रवाई पर भी टिप्पणी की गई है।
धमकी में तमिलनाडु और बांग्लादेश से जुड़े मामलों का हवाला देते हुए कई विवादित दावे भी किए गए हैं, जिनका उद्देश्य कथित तौर पर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाना बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सिविल कोर्ट को कई बार इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते वहां अफरातफरी और सुरक्षा जांच की स्थिति बनती रही है।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और ई-मेल भेजने वाले की पहचान की कोशिश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.