सरायकेला-चाईबासा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, दो की मौत

झारखंड के सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। थोलको गांव के पास चाईबासा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सरायकेला की ओर जा रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल को तुरंत सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सदर अस्पताल के डॉक्टर आयुष ने बताया कि घायल की स्थिति नाजुक है और बेहतर इलाज के लिए उसे रांची रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य किया। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी दीपक कुमार ने बताया कि वह सड़क से गुजर रहे थे और उन्होंने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी। उनका कहना है कि हादसे की गंभीरता देखकर स्थानीय लोग भी तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना दिया है। खबर लिखे जाने तक मृतक और घायल व्यक्ति के नाम की जानकारी नहीं मिल पाई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.