अमेरिकी ड्रोन लगातार अफगान हवाई सीमा में कर रहे घुसपैठ: तालिबान का दावा

काबुल। तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया है कि अमेरिकी ड्रोन अफगानिस्तान की हवाई सीमा का लगातार उल्लंघन कर रहे हैं। मुजाहिद ने ईरानी प्रसारक IRIB को दिए इंटरव्यू में कहा कि ये ड्रोन कुछ पड़ोसी देशों के रास्ते अफगानिस्तान में प्रवेश कर रहे हैं और इसे देश की संप्रभुता का सीधे तौर पर उल्लंघन बताया। उन्होंने इन उड़ानों को तुरंत रोकने की मांग की।
मुजाहिद ने हालांकि स्पष्ट नहीं किया कि ड्रोन किस पड़ोसी देश की हवाई सीमा से आ रहे हैं, लेकिन इससे पहले वे पाकिस्तान पर ऐसा मार्ग देने का आरोप लगा चुके हैं।
बगराम एयरबेस पर कोई विदेशी सैनिक नहीं
तालिबान प्रवक्ता ने बगराम एयरबेस पर चीनी सैनिकों की मौजूदगी की खबरों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि न अमेरिका लौटेगा और न ही चीन, और तालिबान किसी भी विदेशी ताकत को अफगान जमीन पर सैन्य अड्डा बनाने की अनुमति नहीं देगा।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले चार वर्षों में तालिबान सरकार ने अपने 70 प्रतिशत कार्यक्रम पूरे कर लिए हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध, यात्रा पाबंदियां और मान्यता की कमी अभी भी बड़ी चुनौती हैं।
सीमा पर तनाव और पाकिस्तान पर आरोप
तालिबान प्रवक्ता के बयान ऐसे समय में आए हैं जब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। मुजाहिद ने पाकिस्तान पर एक बार फिर संघर्षविराम तोड़ने का आरोप लगाया। 15 अक्टूबर को दोनों देशों के बीच हुए सीज़फ़ायर के बाद भी सीमा पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
मुजाहिद ने कहा कि तालिबान एक संतुलित और अर्थव्यवस्था-केंद्रित विदेश नीति अपनाएगा और सभी देशों से रिश्ते चाहता है, लेकिन शर्त यही है कि अफगानिस्तान की संप्रभुता का सम्मान हो। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी विदेशी ताकत अफगानिस्तान में एक इंच जमीन भी नहीं पाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.