एक-दो नहीं बल्कि 25 घंटे देरी से उड़ा एयर इंडिया का विमान

एयर इंडिया की फ्लाइट से सेन फ्रांसिस्को जाने वाले यात्रियों को काफी मुश्किल झेलनी पड़ी। मुंबई से सेन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट ने अलग-अलग कारणों से अत्यधिक देरी से उड़ान भरी। बताया गया है कि इस फ्लाइट को शुक्रवार शाम चार बजे उड़ान भरनी थी लेकिन इस उड़ान में एक या दो नहीं बल्कि पूरे 25 घंटे की देरी हुई। इस देरी के पीछे अलग-अलग कारण बताए गए हैं। 

शुक्रवार की जगह शनिवार को उड़ा विमान 
शनिवार को उम्मीद जताई जा रही थी कि यह फ्लाइट सुबह के समय उड़ान भरेगी। इसके बाद भी इसने शाम 5.30 बजे सेन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरी। हालांकि यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि फ्लाइट में कितने यात्री सवार थे। बताया गया है कि शुक्रवार को यात्री करीब पांच घंटे तक विमान में बैठे रहे। इसके बाद विमान के उड़ान के समय को पुनर्निधारित किया गया। 

एयरलाइन ने बताई ये वजहें
एयरलाइन के एक अधिकारी का कहना है कि बोइंग 777 विमान की उड़ान का तय समय शुक्रवार शाम 4.00 बजे तय किया गया था। शुरुआत में तकनीक खामियों की वजह से उड़ान में देरी की गई और इसके बाद विमान में बैठे कुछ यात्री बीमार होने लगे और कुछ यात्री इससे उतर गए। 

अधिकारी ने आगे कहा ‘शाम को 7 बजे के करीब यात्रियों के बीमार होने के बाद इस बात के बारे में सोचा गया कि जिस समय विमान सेन फ्रांसिस्को पहुंचेगा, वह रात का समय होगा और साथ ही कुछ प्रतिबंध भी होंगे। इस बात पर भी ध्यान दिया गया कि चालक दल की ड्यूटी की समयसीमा पार हो गई थी।’ अधिकारी ने बताया कि एयरलाइन के द्वारा यात्रियों को होटल में ठहरने और पुनर्निधारण का शुल्क दिया गया।

गो फर्स्ट एयरलाइन के लिए बोली नहीं लगाएंगे निशांत पिट्टी
गो फर्स्ट के लिए बोली लगाने के तीन महीने से अधिक समय बाद ईज माई ट्रिप के सीईओ निशांत पिट्टी ने कहा कि वह अब एयरलाइन के लिए बोली नहीं लगाएगी। इससे पहले पिट्टी ने गो फर्स्ट एयरलाइन के विमान खरीदने में अपनी इच्छा जताई थी। उन्होंने इसके लिए बकायदा बोली भी लगाई थी। बता दें कि निशांत पिट्टी ने स्पाइस जेट के मुखिया अजय सिंह के साथ मिलकर बिजी बी एयरवेज में बड़ी हिस्सेदारी ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here