देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने अपनी सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ईंधन सरचार्ज बढ़ाने की घोषणा की है। कंपनी ने यह कदम एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में हुई तेज वृद्धि को देखते हुए उठाया है। इससे पहले 14 मार्च को भी सरचार्ज बढ़ाया गया था।

इंडिगो का कहना है कि इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के आंकड़ों के अनुसार जेट फ्यूल की कीमतें पिछले महीने में 130 प्रतिशत से अधिक बढ़ चुकी हैं। इस कारण कंपनी ने तय किया कि दो अप्रैल की रात 12:01 बजे से नए फ्यूल चार्ज के साथ टिकटों की कीमतों में बदलाव लागू होगा।

घरेलू उड़ानों के लिए नए फ्यूल चार्ज:

  • 500 किमी तक की उड़ानों में प्रति सेक्टर 275 रुपये

  • 2,000 किमी से अधिक दूरी पर 950 रुपये तक

  • बीच की दूरी वाली उड़ानों के लिए 400, 600 और 800 रुपये तक

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज:

  • कम दूरी वाले सब-कॉन्टिनेंट सेक्टर: 900 रुपये से शुरू

  • यूके और यूरोप लंबी दूरी: 10,000 रुपये प्रति सेक्टर

  • मिडिल ईस्ट रूट्स: 3,000 से 5,000 रुपये

  • दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन रूट्स: 3,000 से 5,000 रुपये

  • अफ्रीका रूट: 5,000 रुपये का फ्लैट सरचार्ज

इंडिगो ने कहा कि नई दरें ईंधन की बढ़ती कीमतों के असर को कम करने और सुरक्षित संचालन बनाए रखने के लिए जरूरी हैं।