शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में तेज गिरावट देखी गई, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान हुआ। इस गिरावट के बीच परंपरागत ट्रेंड एक बार फिर देखने को मिला, जहां सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया। बाजार के प्रमुख सूचकांक लगभग 700 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुए, वहीं कीमती धातुएं नई ऊंचाइयों पर पहुंच गईं।
दिल्ली में शुक्रवार को 24 कैरेट सोना 600 रुपये चढ़कर ₹99,150 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि 22 कैरेट सोना 550 रुपये की तेजी के साथ ₹90,900 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह चांदी ने भी नया रिकॉर्ड बनाते हुए ₹1,000 की तेजी के साथ ₹1,11,000 प्रति किलोग्राम पर ट्रेड किया।
वायदा बाजार में भी दिखा जोरदार उछाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोना-चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी रही। 5 अगस्त 2025 को समाप्त होने वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट में एक दिन में करीब ₹1,000 का उछाल आया और यह ₹97,612 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, 5 सितंबर 2025 वाली चांदी की डिलीवरी का भाव 2.5% उछलकर ₹1,11,900 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया।
मुंबई में भी चमका सोना-चांदी
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी दिल्ली जैसी ही तेजी देखने को मिली। यहां 24 कैरेट सोना ₹600 की बढ़त के साथ ₹99,000 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी ₹1,000 की छलांग लगाकर ₹1,11,000 प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती देखी गई।