अमेरिका ने भारत से रूस से आयातित तेल पर लगाए गए 25 प्रतिशत टैरिफ को हटाने पर विचार करना शुरू कर दिया है। अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने पॉलिटिको को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत ने रूस से तेल खरीद में भारी कमी कर दी है, जिससे यह कदम संभव हो सकता है।

बेसेंट ने बताया कि भारत पर यह टैरिफ उस समय लगाया गया था जब यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद भारतीय रिफाइनरियों ने सस्ते रूसी कच्चे तेल की खरीद में तेजी दिखाई थी। अब इस खरीदारी में गिरावट आई है, जिससे अमेरिका को टैरिफ हटाने पर विचार करने का मौका मिला है।

उन्होंने कहा, "भारत ने रूसी तेल की खरीद रोक दी है, इसलिए हम टैरिफ हटाने की संभावनाओं पर नजर रख रहे हैं।" बेसेंट ने यह भी कहा कि यह कदम भारत और रूस के व्यापारिक संबंधों पर अमेरिकी टैरिफ नीति की सफलता को दर्शाता है।

साथ ही, बेसेंट ने यूरोपीय देशों की आलोचना करते हुए कहा कि ये देश सार्वजनिक रूप से रूस की निंदा करते हैं, लेकिन वही रूसी कच्चे तेल से बने उत्पाद भारतीय रिफाइनरियों से खरीद रहे हैं। उन्होंने इसे दोहरे मानक के तौर पर गलत ठहराया।